आदित्यपुर में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, फास्ट फूड दुकानदार और दो बेटों पर चाकू से हमला

Johar News Times
2 Min Read

आदित्यपुर के हरि ओम नगर रोड नंबर-3 में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फास्ट फूड बनने में देरी होने पर कुछ युवकों ने दुकानदार और उसके दो बेटों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं, अस्पताल से इलाज कर लौट रहे परिवार को दोबारा घेरकर फिर हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक हरि ओम नगर स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर पहुंचे थे। ऑर्डर तैयार होने में थोड़ी देर होने पर युवक भड़क गए और दुकानदार प्रमोद कुमार दास के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। विवाद बढ़ता देख दुकानदार के दोनों बेटे अंकित कुमार दास और आशीष कुमार दास बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने दुकान में रखे चाकू से तीनों पर हमला कर दिया। हमले में प्रमोद कुमार दास के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उनके दोनों बेटे भी बुरी तरह घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। देर रात करीब 1 बजे जब परिवार अस्पताल से पट्टी बंधवाकर वापस घर लौट रहा था, तब हमलावर युवकों ने रोड नंबर-3 के पास उन्हें फिर घेर लिया और दोबारा हमला कर दिया। दूसरे हमले में प्रमोद कुमार दास सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें दोबारा अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पीड़ित प्रमोद कुमार दास की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Share This Article