पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरुवार को खूंटी स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा बिरसा कॉलेज सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेले में हिस्सा लिया। इस दौरान वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और शिक्षित, संस्कारित तथा जागरूक युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित भारत की आधारशिला तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिक्षा मेले में विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया। केंद्रीय मंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान देने से छात्रों में आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ता है और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होता है।


