पोटका में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना कोवाली थाना क्षेत्र के बेगनाडीह-पोटका मुख्य मार्ग पर टाटा स्टील कंपनी के निर्माणाधीन कचरा निष्पादन प्लांट गेट के समीप हुई, जहां बाइक और ट्रैक्टर के बीच सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान जोगो माहली उर्फ काला माहुरी और काला माहली के रूप में हुई है। दोनों युवक बुकामडीह गांव के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक काम खत्म कर एक ही बाइक से भालकी की ओर से अपने घर बुकामडीह लौट रहे थे। इसी दौरान घटनास्थल पर नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाने के कार्य में लगे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
