हंटरगंज में वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

हंटरगंज में वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

चतरा : हंटरगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर शाम पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांडेपूरा मस्जिद के पास चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर उस पर लदे बोरे की तलाशी ली। तलाशी में अवैध अंग्रेजी शराब मिलने पर पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर थाना ले गई। बुधवार को पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी लखन साव के 30 वर्षीय पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार में शराब तस्करी का काम करता था।

छापेमारी के दौरान अलग-अलग कंपनियों की 96 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब चार कार्टन में रखी हुई थी। इसके अलावा पुलिस ने जेएच 13एफ 3586 नंबर की मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।पुलिस ने आरोपी को चिकित्सीय जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजते हुए चतरा जेल भेज दिया। अभियान में पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार दुबे समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share This Article