बोकारो में झाड़ियों से मिले 600 वोटर आईडी, 50 एटीएम और 25 पैन कार्ड, जांच में जुटा प्रशासन

बोकारो में झाड़ियों से मिले 600 वोटर आईडी, 50 एटीएम और 25 पैन कार्ड, जांच में जुटा प्रशासन

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के बोकारो जिले में सिटी कॉलेज के पीछे झाड़ियों से बड़ी संख्या में वोटर आईडी, एटीएम और पैन कार्ड मिलने से हड़कंप मच गया। यह मामला सेक्टर छह थाना क्षेत्र का है, जहां सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने करीब 600 वोटर आईडी कार्ड, 50 एटीएम कार्ड और 25 पैन कार्ड बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी और एसपी के निर्देश पर संयुक्त जांच टीम बनाई गई है। जांच में सामने आया कि बरामद सभी दस्तावेज असली हैं, फर्जी या क्लोन नहीं। इनमें अधिकतर दस्तावेज वर्ष 2022 में जारी किए गए थे, जिन्हें पोस्ट ऑफिस के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाना था, लेकिन वे कभी डिलीवर नहीं हुए। पुलिस के अनुसार अधिकांश कार्ड माराफारी, आजाद नगर, जोशी कॉलोनी और आसपास के इलाकों के लोगों के हैं।

सेक्टर छह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगीता और खुर्शीद आलम की टीम संबंधित इलाकों में पहुंचकर कार्डधारकों से संपर्क कर रही है। कई लोगों ने बताया कि उनके पास पहले से वोटर आईडी मौजूद है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पुराने कार्ड डिलीवरी के दौरान ही गायब कर दिए गए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद कई एटीएम कार्ड अब भी एक्टिव हैं। टीम डाकघर, बैंक और संबंधित इलाकों में लगातार जांच कर रही है। मामले में संबंधित पोस्टमैन का तबादला हो चुका है, लेकिन दस्तावेज झाड़ियों तक कैसे पहुंचे, इसकी पड़ताल जारी है।

प्रशासन का कहना है कि अगर ये दस्तावेज किसी आपराधिक गिरोह के हाथ लग जाते, तो इनका इस्तेमाल फर्जी सिम कार्ड, बैंकिंग फ्रॉड या अन्य अपराधों में किया जा सकता था। इससे निर्दोष लोगों को कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था। फिलहाल चास एसडीओ और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है। पूरे प्रकरण की निगरानी डीसी और एसपी नाथू सिंह मीणा खुद कर रहे हैं।

Share This Article