पोटका में खरीफ की तैयारी तेज: विधायक संजीव सरदार ने किया धान बीज वितरण अभियान का शुभारंभ, ₹21 प्रति किलो मिलेगा बीज

खरीफ फसल के लिए पोटका प्रशासन मुस्तैद, 6 लैम्पस के जरिए 100 क्विंटल धान बीज की पहली खेप आवंटित।

Johar News Times
3 Min Read

खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही पोटका प्रखंड में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में धान बीज वितरण अभियान का आधिकारिक आगाज हो गया है। मंगलवार को पोटका के विधायक संजीव सरदार ने आसनबनी लैम्पस में आयोजित एक विशेष समारोह में किसानों के बीच धान बीज का वितरण कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

प्रखंड के 6 लैम्पस से मिलेगा बीज, पहली खेप में 100 क्विंटल उपलब्ध

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोटका प्रखंड के किसानों को बीज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रखंड के इन 6 प्रमुख लैम्पस के माध्यम से अनुदानित दरों पर बीज का वितरण किया जाएगा:

  • आसनबनी, कोवाली, टांगराईन, पोटका, हरिणा और गंगाडीह लैम्पस।

किसानों को बेहद किफायती दर, मात्र ₹21 प्रति किलो के हिसाब से उच्च गुणवत्ता वाला धान बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। बुआई के सही समय को देखते हुए पहली खेप में पूरे प्रखंड के लिए 100 क्विंटल धान बीज आवंटित कर दिया गया है।

“किसानों की समृद्धि से ही संभव है गांवों का विकास”

इस मौके पर किसानों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। खेती झारखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार का यह प्रयास है कि मानसून की शुरुआत के साथ ही किसानों को समय पर खाद, उन्नत बीज और अन्य कृषि उपकरण पारदर्शी तरीके से मिलें, ताकि पैदावार अच्छी हो और किसानों की आय बढ़े।

उन्होंने लैम्पस प्रबंधन और कृषि अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि बीज वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और यह सुनिश्चित हो कि कोई भी जरूरतमंद किसान इस लाभ से वंचित न रहे ।

धान बीज वितरण के इस उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से मुखिया कृष्णा भगत, पंचायत समिति सदस्य सुमिता भगत, बीटीएम कौशल झा, लैम्पस अध्यक्ष भीम सरदार, सचिव मनिंदर नाथ महतो, चक्रधर महतो, भूपति महतो, ग्राम प्रधान भुवन चंद्र महतो, अशोक कुमार महतो, नरेश भगत, गुरुपद दास, हेमंत महाकुड़ और हरेंद्र कश्यप सहित क्षेत्र के सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

Share This Article