राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला युवक गिरफ्तार, धनबाद में रेलवे सुरक्षा बल ने दबोचा

राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला युवक गिरफ्तार, धनबाद में रेलवे सुरक्षा बल ने दबोचा

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद, धनबाद में हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले युवक को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास रेलवे ट्रैक पर पत्थर के साथ बैठे हुए दबोचा गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान फैजान अंसारी के रूप में हुई है, जो वासेपुर आरा मोड़ का निवासी है। वह पत्थर लेकर ट्रैक पर बैठा हुआ था और संदिग्ध गतिविधि में लिप्त था।

पहले भी कर चुका था पथराव

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार, 6 मार्च को धनबाद स्टेशन से खुलने के बाद राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था। इस घटना में तृतीय वातानुकूलित श्रेणी (थर्ड एसी) के ए-4 कोच के बर्थ संख्या 17 का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था।

भागने की फिराक में था आरोपी

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में सवार होकर भागने की योजना बना रहा था। इसी दौरान उसे आउटर सिग्नल के पास ट्रैक पर घूमते हुए देखा गया और आरपीएफ ने उसे घेरकर पकड़ लिया।

नशे का आदी, कबूल किया जुर्म

पूछताछ में फैजान अंसारी ने बताया कि वह रेलवे ट्रैक के पास ही रहता है और नशे का आदी है। नशे की हालत में ही वह ट्रेनों पर पत्थर फेंकता था। उसे यह भी पता चल गया था कि आरपीएफ उसकी तलाश कर रही है, इसलिए वह भागने की तैयारी में था।

बताया कि भागने से पहले वह एक और ट्रेन पर पथराव करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।

पहले भी जा चुका है जेल

आरपीएफ के अनुसार, आरोपी पहले भी रेलवे की बैटरी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद उसे रेल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Share This Article