जमशेदपुर में गैंगवार की आहट: धातकीडीह के गामा होटल पर फायरिंग, दो हमलावर गिरफ्तार

जमशेदपुर में गैंगवार की आहट: धातकीडीह के गामा होटल पर फायरिंग, दो हमलावर गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह कुरैशी मोहल्ला में रविवार सुबह करीब 7 बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो युवकों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से गामा होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलाते ही एक हमलावर बाइक से अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर स्थानीय लोग जुटने लगे तो हमलावर ने दोबारा फायरिंग की और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने हमलावरों पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मो. इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और बाइक बरामद कर ली है। होटल संचालक सरफराज कुरैशी उर्फ गामा ने दोनों के खिलाफ जान मारने की नीयत से हमला करने और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस गोलीबारी के पीछे प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई मुख्य वजह हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरफराज कुरैशी इस कारोबार से जुड़े हैं, जबकि आरोपी इमरान और महफूज इस धंधे में अपनी पकड़ बनाने और रंगदारी वसूलने के इरादे से पहुंचे थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल संचालक का मोबाइल भी जब्त कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पूरी वारदात होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पुलिस उनके पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है। बिष्टुपुर पुलिस के अनुसार, आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।

Share This Article