राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक पाने वाले शुभम पति का खरसावां में सम्मान

राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक पाने वाले शुभम पति का खरसावां में सम्मान

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां में बेहरासाही निवासी शुभम कुमार पति का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्हें द्रौपदी मुर्मू के हाथों स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है।

शुभम ने महाराष्ट्र के वर्धा स्थित महात्मा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में मास्टर ऑफ एजुकेशन (शैक्षणिक सत्र 2021-23) की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके लिए विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने उन्हें स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया।

पहले भी मिल चुके हैं स्वर्ण पदक

उत्कल सम्मिलनी के जिलाध्यक्ष सुमंत चंद्र मोहंती ने शुभम की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव बताया। उन्होंने कहा कि शुभम इससे पहले भी दो स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जो उनकी मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

प्रोफेसर बनने का लक्ष्य

शुभम ने बताया कि उनका लक्ष्य एक कुशल प्राध्यापक बनकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है। वर्तमान में वे दिल्ली विश्वविद्यालय में शिक्षा शास्त्र के क्षेत्र में शोध कार्य कर रहे हैं।

खरसावां से दिल्ली तक का सफर

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा खरसावां और सरायकेला के सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की। इसके बाद करीम सिटी कॉलेज से इंटर और स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वर्धा से स्नातकोत्तर करने के बाद अब वे दिल्ली में अध्ययनरत हैं।

समारोह में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर अजय प्रधान, सपन मंडल, माधव चरण सतपथी, आलोक दास, सनोज महतो, त्रिलोचन प्रधान, बबिता सोरेन, सुनिल माहली, प्रशांत गोप, स्नेहा नायक, खुशी सिंह, राधिका राउत सहित कई लोग मौजूद रहे।

Share This Article