छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बालको थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी (प्रेमी) सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।
धोखे से बनाया अश्लील वीडियो, फिर दोस्तों में किया साझा
मिली जानकारी के अनुसार, बालको थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता (17 वर्ष) ने 10वीं के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। इसी बीच उसका प्रेम प्रसंग गांव के ही 30 वर्षीय होरी लाल चौहान (उर्फ हीरो लाल) से शुरू हुआ। आरोप है कि होरी लाल ने नाबालिग को अपने झांसे में लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने चुपके से पीड़िता का एक अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपी की करतूत यहीं खत्म नहीं हुई, उसने इस संवेदनशील वीडियो को अपने दोस्तों के बीच सार्वजनिक कर दिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ग्रामीण करने लगे ब्लैकमेल
जैसे ही इस वीडियो की भनक गांव के अन्य युवकों और पुरुषों को लगी, उन्होंने पीड़िता को मोहरा बना लिया। गांव के कई युवक वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को ब्लैकमेल करने लगे। इस दौरान कुछ आरोपियों ने पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला, तो कुछ राह चलते उस पर फब्तियां कसते और अश्लील इशारे कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
भाई की तत्परता से फूटा घड़ा, मिला न्याय
लगातार मिल रही धमकियों, ब्लैकमेलिंग और सामाजिक प्रताड़ना से नाबालिग पूरी तरह टूट चुकी थी और डरी-सहमी रह रही थी। जब इस पूरे खौफनाक घटनाक्रम की जानकारी पीड़िता के भाई को हुई, तो उसने हिम्मत दिखाई। भाई ने बिना वक्त गंवाए अपनी बहन को ढाढस बंधाया और सीधे बालको थाना लेकर पहुँचा। भाई के इसी साहस और तत्परता के कारण आज इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश हो सका।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सभी 10 आरोपी सलाखों के पीछे
नाबालिग से जुड़े इस बेहद संवेदनशील और गंभीर मामले की शिकायत मिलते ही बालको थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं (पोक्सो एक्ट व अन्य) के तहत मामला दर्ज कर इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी समेत सभी 10 लोगों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- होरी लाल चौहान (30 वर्ष) – मुख्य आरोपी (प्रेमी)
- कन्हैया सिंह (25 वर्ष)
- उदय चौहान (22 वर्ष)
- मनीष चौहान (22 वर्ष)
- बुग्गु चौहान (21 वर्ष)
- राकेश सिंह (40 वर्ष)
- दशरथ पटेल (32 वर्ष)
- चित्रभान पटेल (30 वर्ष)
- शत्रुहन चौहान (25 वर्ष)
- योगेश चौहान (22 वर्ष)
पुलिस का बयान:
“यह मामला एक नाबालिग बच्ची से जुड़ा है और बेहद गंभीर है। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। मामले की बारीकी से जांच जारी है, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कानूनन सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
