चाईबासा जिले के चक्रधरपुर में परिवहन विभाग ने एक निजी स्कूल की बस पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जब्त कर लिया। मामला कॉन्सेप्ट पब्लिक स्कूल से जुड़ा है, जहां संचालित एक स्कूल बस के खिलाफ लंबे समय से नियमों की अनदेखी की शिकायत मिल रही थी। कार्रवाई के दौरान सामने आया कि बस कथित रूप से बिना वैध परमिट, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र के कई वर्षों से सड़कों पर चल रही थी।
जानकारी के अनुसार आरटीए कोल्हान के सचिव अजय कुमार साव ने शिकायत मिलने के बाद वाहन की जांच की। जांच के दौरान स्कूल प्रबंधन से बस के आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद ऑनलाइन पोर्टल पर भी वाहन से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जहां जरूरी प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं मिले।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि बस करीब पांच वर्षों से बिना आवश्यक अनुमति के संचालित हो रही थी। इसके बाद परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर चक्रधरपुर थाना के सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे कानूनी प्रक्रिया जारी है।
वहीं दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन ने दावा किया है कि वाहन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और विभाग को उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूल प्रशासन का कहना है कि तकनीकी कारणों से दस्तावेज तत्काल नहीं दिखाए जा सके।
इधर इस कार्रवाई के बाद जिले के निजी स्कूलों में हड़कंप मच गया है। अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। प्रशासन का कहना है कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
