बकरीद से पहले रांची की बकरा मंडी में रौनक, ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर’ बकरों की धूम, कीमत 90 हजार तक पहुंची

बकरीद से पहले रांची की बकरा मंडी में रौनक, ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर’ बकरों की धूम, कीमत 90 हजार तक पहुंची

Johar News Times
2 Min Read

रांची : बकरीद के त्योहार से पहले राजधानी रांची की बकरा मंडियां इन दिनों पूरी तरह गुलजार हैं। मेन रोड स्थित अंजुमन प्लाजा के सामने लगी अस्थायी मंडी में मंगलवार को खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां देर शाम तक खरीद-बिक्री और मोलभाव का दौर चलता रहा।

इस बार बकरों की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सामान्य बकरे जहां 12 हजार रुपये से शुरू हो रहे हैं, वहीं अच्छी नस्ल और भारी वजन वाले बकरे 50 हजार से लेकर 90 हजार रुपये तक बिक रहे हैं। मंडी में विक्रेता अपने बकरों को आकर्षक नाम देकर ग्राहकों को लुभाते नजर आए। कोई अपने बकरे को ‘सुल्तान’ बता रहा था तो कोई ‘टाइगर’ नाम से उसकी खासियत गिना रहा था। खरीदार भी इन नामों और नस्लों से प्रभावित होकर खरीदारी करते दिखे।

व्यापारियों के अनुसार इस बार जमुनापारी, इटावा और राजस्थानी नस्ल के बकरों की सबसे अधिक मांग है। लंबा कद, भारी वजन और बेहतर बनावट वाले बकरे ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं। विशेष रूप से इटावा नस्ल के बकरों की जबरदस्त डिमांड देखी जा रही है, जिनकी कीमत 18 हजार से लेकर 60 हजार रुपये या उससे अधिक तक पहुंच रही है। दिन में तेज धूप और गर्मी के कारण मंडी में भीड़ कम रही, लेकिन शाम चार बजे के बाद बाजार में रौनक बढ़ गई। परिवारों के साथ पहुंचे लोग बकरों का वजन, दांत और नस्ल देखकर कीमत तय करते नजर आए।

रांची की इस मंडी में दलादली, नगड़ी, इरबा, पुंदाग, हटिया, बुंडू, तमाड़, मांडर, खूंटी, गुमला और लोहरदगा सहित कई इलाकों से बकरे लाए गए हैं। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी व्यापारी बकरों की खेप लेकर पहुंचे हैं, जिससे मंडी में विविधता और बढ़ गई है।

Share This Article