राजधानी रांची में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में अरगोड़ा, हरमू और करमटोली में तीन नए फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सभी प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनें दूर होने के बाद परियोजनाओं को टेंडर प्रक्रिया में भेज दिया गया है। इन फ्लाईओवरों का निर्माण स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SAJ) के माध्यम से इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल पर कराया जाएगा।
एसएजे ने निर्माण कंपनियों से रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) आमंत्रित करते हुए नोटिस जारी कर दिया है। इच्छुक कंपनियां 17 अगस्त तक ई-टेंडर के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी, जबकि 18 अगस्त को तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी। इसके बाद टेंडर का अंतिम निष्पादन किया जाएगा।
अरगोड़ा चौक फ्लाईओवर का निर्माण 223.14 करोड़ रुपये की लागत से होगा। यह फ्लाईओवर हरमू रोड स्थित काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज से पहले तक जाएगा। इसके अलावा अरगोड़ा चौक से कचहल मोड़, चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक कनेक्टिविटी दी जाएगी। फ्लाईओवर की कुल लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी, जिससे चारों दिशाओं में यातायात सुगम होगा।
करमटोली चौक से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक बनने वाले फ्लाईओवर की कुल लंबाई 3.216 किलोमीटर होगी। इसमें 2.7 किलोमीटर मुख्य फ्लाईओवर और 0.52 किलोमीटर मोरहाबादी लिंक रोड शामिल रहेगा। इस लिंक रोड से मोरहाबादी मैदान और स्टेडियम की ओर आने-जाने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना की कुल लागत 351 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, यूटिलिटी शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण का खर्च भी शामिल है।
हरमू फ्लाईओवर का निर्माण सहजानंद चौक से पहले शुरू होकर हरमू रोड और रातू रोड को पार करते हुए कांके रोड स्थित एसीबी कार्यालय से पहले तक किया जाएगा। फ्लाईओवर का अंतिम उतराव जज कॉलोनी के पास होगा। इसकी कुल लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर होगी।
इस परियोजना का टेंडर पहले भी जारी किया गया था, लेकिन डिजाइन में कुछ संशोधनों के कारण प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। नई योजना के तहत सहजानंद चौक की ओर से आने वाले वाहनों को रातू रोड की दिशा में उतरने के लिए गौशाला के सामने विशेष रैंप की सुविधा दी जाएगी। इससे शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है।
