चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू के निर्देश पर चाईबासा पुलिस ने मंगलवार को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की।
पुलिस ने बस स्टैंड, मंगलहाट, मधु बाजार, जेवियर नगर, एसपीजी मिशन कंपाउंड, मुगलसराय, गुटुसाईं और खप्पारसाई समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर कई लोग मौके से फरार हो गए। अभियान के दौरान 14 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।
सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खुलेआम शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया है।
