Palamu News: पलामू में एक साथ उठे पांच जनाजे, सड़क हादसे के मृतकों को नम आंखों से दी गई विदाई

Palamu News: पलामू में एक साथ उठे पांच जनाजे, सड़क हादसे के मृतकों को नम आंखों से दी गई विदाई

Johar News Times
2 Min Read

मेदिनीनगर: उत्तर प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पलामू के पांच लोगों को रविवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। देर रात शवों के मेदिनीनगर पहुंचते ही पूरे शहर में मातम पसर गया। परिजनों की चीख-पुकार और गमगीन माहौल के बीच रविवार सुबह एक साथ पांच जनाजे उठे, जिनमें शामिल होने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े।

जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर के चार करीबी मित्र और एक चालक बिहार के डेहरी में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश के किछौछा शरीफ जियारत के लिए गए थे। वहां से लौटने के दौरान आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कांजी हाउस निवासी अजमल आलम, गोसिया मदरसा क्षेत्र के सोहराब राइन, पनेरी गली निवासी चालक अरबाज खान, मुस्लिम नगर के कैश आलम और नूरी मस्जिद मोहल्ला निवासी हाजी अब्दुल रजाक की मौत हो गई।

शनिवार देर रात शवों के घर पहुंचने के बाद शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। रविवार सुबह कन्नी राम चौक स्थित छोटी मस्जिद में जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद पांचों जनाजों को अंतिम यात्रा के लिए ले जाया गया, जहां सैकड़ों लोगों ने कंधा देकर उन्हें विदाई दी। जनाजे की नमाज के बाद सभी मृतकों को पुलिस लाइन रोड स्थित कब्रिस्तान में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे शहर में शोक का माहौल रहा और लोगों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Share This Article