भारत और म्यांमा के बीच कूटनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग अपनी पांच दिवसीय भारत यात्रा के तहत आज बिहार के ऐतिहासिक शहर बोधगया पहुंचे। यहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर और ऐतिहासिक सुजाता मंदिर का दौरा किया और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
हवाई अड्डे पर हुआ भव्य स्वागत गया हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग का औपचारिक और गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें म्यांमा सरकार के कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारी और प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल हैं।
सांस्कृतिक और कूटनीतिक लिहाज से बेहद अहम है यह दौरा विशेषज्ञों के मुताबिक, म्यांमा के राष्ट्रपति का यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापारिक साझेदारी और साझा बौद्ध विरासत को एक नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा। महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना के जरिए दोनों देशों के बीच के गहरे सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों को एक बार फिर रेखांकित किया गया है। अपनी पांच दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति भारतीय नेतृत्व के साथ कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
