मनोहरपुर में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, शराब के नशे में पति ने ली जान

Johar News Times
2 Min Read

मनोहरपुर के इतवार बाजार क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान रीना मछुवा के रूप में हुई है। आरोपी पति ने पूछताछ में शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट कर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

जानकारी के अनुसार, 13 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि इतवार बाजार क्षेत्र में एक महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वादिनी के फर्दबयान के आधार पर मनोहरपुर थाना कांड संख्या-23/2026 दिनांक 14 मई 2026 को दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित रेणु के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम में मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी चरण महली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से Khunti जिले के रनियां थाना क्षेत्र स्थित ईटाम गांव का रहने वाला है और फिलहाल मनोहरपुर बाजार क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी दूसरी पत्नी रीना मछुवा के साथ शराब के नशे में मारपीट की थी। मारपीट के दौरान उसने लात-घूंसे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share This Article