राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला मामले में सिंगापुर जाने की अदालत से अनुमति मिल गई है। अदालत ने उनका पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया है, ताकि वे जून के पहले सप्ताह में रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए सिंगापुर जा सकें।
अपर न्याययुक्त अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने लालू यादव की विदेश यात्रा संबंधी अर्जी स्वीकार की। इससे पहले भी उन्हें इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश जाने की अनुमति मिल चुकी है। दिसंबर 2022 में सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था।गौरतलब है कि लालू यादव चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। डोरंडा, चाईबासा, देवघर और दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े मामलों में उन्हें सजा सुनाई जा चुकी है। यह घोटाला 1990 से 1996 के बीच सरकारी कोषागारों से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा था। अकेले डोरंडा कोषागार से करीब 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी हुई थी।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
