रांची: गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की पहली पाठशाला हैं, जहां शिक्षा, पोषण और संस्कार की मजबूत नींव रखी जाती है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत विकसित 40 आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों को जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर कल्पना सोरेन ने कहा कि इन आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण, पोषण संबंधी सुविधाएं और समग्र विकास के अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के शुरुआती विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इन्हें सशक्त बनाना समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।

उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार का मानना है कि बच्चों पर किया गया निवेश ही समाज और राष्ट्र के भविष्य का सबसे मजबूत निवेश होता है। ऐसे प्रयासों से बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
