जमशेदपुर/पोटका: सेंदरा पर्व को लेकर वन विभाग सतर्क, हाता में चला सघन वाहन जांच अभियान

जमशेदपुर/पोटका: सेंदरा पर्व को लेकर वन विभाग सतर्क, हाता में चला सघन वाहन जांच अभियान

Johar News Times
2 Min Read

पोटका क्षेत्र में पारंपरिक सेंदरा पर्व को देखते हुए वन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार सुबह हाता स्थित वन विभाग कार्यालय के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें जमशेदपुर की ओर जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली गई।

वन विभाग की टीम ने सड़क पर वाहनों को रोककर खासतौर पर उन लोगों पर नजर रखी, जिनके दलमा वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी क्षेत्र की ओर जाने की आशंका थी। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि सेंदरा पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का शिकार पूरी तरह प्रतिबंधित है।

अधिकारियों ने दो टूक कहा कि परंपरा के नाम पर वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कानून का पालन करें और वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करें।

वन विभाग के अनुसार, सेंदरा पर्व के दौरान जंगलों में गश्ती बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अवैध शिकार की घटना को रोका जा सके।

इस अभियान का नेतृत्व रेंज ऑफिसर शंकर भगत ने किया। उनके साथ हेड सब बीट ऑफिसर तन्मय चटर्जी, दशरथ सोरेन, किष्णु मुर्मू, हिमांशु कुमार, रुद्र नारायण दास सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। विभाग के गार्ड लगातार इलाके में गश्त कर लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं।

Share This Article