गुमला: झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर अनुमंडल में एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने शनिवार रात पुलिस बल के साथ अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने चैनपुर के प्रेम नगर इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने प्रेम नगर निवासी दीपक जायसवाल के घर और किराना दुकान से करीब 200 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। आरोप है कि वह लंबे समय से अपने किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री कर रहा था, जहां दिनभर नशा करने वालों की भीड़ लगी रहती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले भी अवैध शराब बिक्री के मामलों में जेल जा चुका है। उस पर नकली और अवैध शराब की बिक्री के गंभीर आरोप भी लगते रहे हैं, जिससे क्षेत्र के युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचते ही आरोपी दीपक जायसवाल मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने सभी शराब जब्त कर थाने भेज दी और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब बिक्री से स्कूल-कॉलेज के छात्र भी प्रभावित हो रहे थे, जिससे अभिभावक काफी चिंतित थे। वहीं एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
