एशिया के सबसे अमीर बने गौतम अदाणी, अंबानी को पछाड़कर हासिल किया पहला स्थान

एशिया के सबसे अमीर बने गौतम अदाणी, अंबानी को पछाड़कर हासिल किया पहला स्थान

Johar News Times
2 Min Read

नई दिल्ली, एशिया के अमीरों की सूची में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। उद्योगपति गौतम अदाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है।

ताजा रैंकिंग के मुताबिक, अदाणी की कुल संपत्ति 92.6 अरब डॉलर पहुंच गई है, जबकि अंबानी की संपत्ति 90.8 अरब डॉलर आंकी गई है। इस तरह अदाणी अब भारत के साथ-साथ पूरे एशिया के सबसे धनी उद्योगपति बन गए हैं।

बताया जा रहा है कि अदाणी समूह के शेयरों में लगातार आई तेजी के कारण उनकी संपत्ति में बड़ा इजाफा हुआ है। बंदरगाह से लेकर ऊर्जा क्षेत्र तक फैले उनके कारोबार ने बाजार में मजबूत प्रदर्शन किया है। उनकी कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा समूह की 10 सूचीबद्ध कंपनियों में हिस्सेदारी से आता है। हालिया उछाल ने कंपनी के बाजार पूंजीकरण में अरबों डॉलर की बढ़ोतरी की है, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

अदाणी समूह देश का सबसे बड़ा निजी बंदरगाह नेटवर्क संचालित करता है। इसके साथ ही वे नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन, निजी हवाई अड्डों के संचालन और कोयला व्यापार जैसे क्षेत्रों में भी अग्रणी हैं।

वहीं मुकेश अंबानी की संपत्ति में अपेक्षाकृत धीमी वृद्धि दर्ज की गई है। उनकी प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ऊर्जा, दूरसंचार और रिटेल सेक्टर में सक्रिय है, लेकिन हालिया समय में संपत्ति वृद्धि की रफ्तार अदाणी से कम रही है।

वैश्विक स्तर पर ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क बने हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 656 अरब डॉलर है। दूसरे स्थान पर लैरी पेज (286 अरब डॉलर) और तीसरे स्थान पर जेफ बेजोस (269 अरब डॉलर) काबिज हैं।

गौरतलब है कि अदाणी और अंबानी ही इस सूची के शीर्ष 50 में शामिल दो भारतीय हैं। अंबानी एक दशक से अधिक समय तक भारत के सबसे अमीर व्यक्ति रहे, लेकिन अब एक बार फिर अदाणी ने तेजी से बढ़त बनाते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।

Share This Article