गढ़वा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड सरकार के नए मानकों के तहत 8 वर्ष से अधिक पुरानी या 1.5 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी एंबुलेंसों को कंडम घोषित कर स्क्रैप किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी एंबुलेंसों की सूची तैयार कर मुख्यालय को भेज दी है और उनके स्थान पर नई गाड़ियों की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, जिले में 108 एंबुलेंस सेवा को छोड़कर 14 एंबुलेंस ऐसी हैं, जो निर्धारित अवधि पूरी कर चुकी हैं। इनमें कई वाहनों के स्पीडोमीटर और रनिंग मीटर तक काम नहीं कर रहे हैं, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो रही थी। राज्य सरकार पूरे झारखंड में एंबुलेंस नेटवर्क को अपग्रेड करने के लिए 234 नई एंबुलेंस खरीद रही है। इसी क्रम में गढ़वा से भी नई गाड़ियों की मांग संबंधी अधियाचना भेजी गई है।
गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी ने बताया कि पुरानी एंबुलेंसों के बार-बार खराब होने से गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों और रिम्स भेजने में दिक्कत होती थी। नई एंबुलेंस मिलने के बाद जिले के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर और त्वरित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी।
