पूर्वी सिंहभूम में दो ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक बाल-बाल बचे

पूर्वी सिंहभूम में दो ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक बाल-बाल बचे

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में चाकुलिया-मटिहाना मुख्य सड़क पर दिघी चौठिया के पास रविवार सुबह दो ट्रेलरों की सीधी टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा जलकर राख हो गया। दोनों चालकों को चोटें आई हैं और उन्हें चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

हेडलाइट की तेज रोशनी बनी हादसे की वजह

ट्रेलर संख्या PB10KK/3719 के चालक करमचंद ने बताया कि वह लौह अयस्क लेकर ओडिशा से पश्चिम बंगाल जा रहा था। चौठिया के पास सामने से आ रहे ट्रक संख्या WB37E/5113 की हेडलाइट की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने से वाहन अनियंत्रित हो गया और दोनों ट्रेलरों में भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद आग लग गई।

चालक-खलासी ने बचाई जान

करमचंद ने ट्रेलर से कूदकर जान बचाई, हालांकि उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे ट्रक का चालक लालू यादव स्टेयरिंग में फंस गया था। उसके भाई और खलासी मनोज कुमार ने उसे बाहर निकालकर जान बचाई। लालू यादव ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी और कुछ मिनट की देरी जानलेवा साबित हो सकती थी। वह आसनसोल से फायर ब्रिक्स लेकर ओडिशा के अंगुल जा रहा था।

दो घंटे बाद पहुंची दमकल

घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना दी गई। हादसे के करीब दो घंटे बाद दमकल पहुंची, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

Share This Article