रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहरी विकास एवं आवास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में साहिबगंज और धनबाद में चल रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की कार्यप्रणाली और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित प्लांट मैनेजर्स से ऑनलाइन संवाद कर परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, नदियों एवं जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाना तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक तेजी से पहुंच सके। सीएम सोरेन ने कहा कि STP जैसी परियोजनाएं शहरी पर्यावरण संतुलन और स्वच्छ जल व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
