आदित्यपुर में पानी संकट के बीच टैंकर सप्लाई पर विवाद, नगर निगम व्यवस्था पर उठे सवाल

आदित्यपुर में पानी संकट के बीच टैंकर सप्लाई पर विवाद, नगर निगम व्यवस्था पर उठे सवाल

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां: भीषण गर्मी और लगातार गहराते पेयजल संकट के बीच आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर नया विवाद सामने आया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि जहां शहर के कई वार्डों में आम लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, वहीं नगर निगम की जलापूर्ति लाइन से निजी टैंकरों द्वारा एक निजी आवासीय परिसर तक पानी पहुंचाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित चावला मोड़ के पास नगर निगम की पानी टंकी से निजी टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई किए जाने की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि बड़े क्षमता वाले टैंकरों से नियमित रूप से पानी निजी सोसायटी तक पहुंचाया जा रहा है। इसे लेकर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह और उनसे जुड़ी निजी निर्माण कंपनी पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में अब तक नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इधर आदित्यपुर नगर निगम के कई वार्डों में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों में भारी नाराजगी है। वार्ड 12, 15, 17 और 19 के निवासियों का कहना है कि नियमित पानी नहीं मिलने से लोगों को निजी टैंकर और हैंडपंप पर निर्भर होना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को घंटों पानी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थानीय पार्षदों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वार्ड 17 के पार्षद राकेश महतो ने कहा कि यदि सरकारी जलापूर्ति का उपयोग निजी लाभ के लिए किया जा रहा है तो इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं विपक्षी दलों ने भी नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो नगर निगम कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article