टाटानगर स्टेशन पर सुरक्षा पर सवाल: बिलासपुर ट्रेन की एसी बोगी से नवविवाहित जोड़े का गहनों से भरा बैग गायब

टाटानगर स्टेशन पर सुरक्षा पर सवाल: बिलासपुर ट्रेन की एसी बोगी से नवविवाहित जोड़े का गहनों से भरा बैग गायब

Johar News Times
2 Min Read

चक्रधरपुर (सीकेपी) डिवीजन के टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ट्रेन संख्या 22844 बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस की एसी बोगी से नवविवाहित जोड़े का गहनों से भरा बैग गायब हो गया, जिससे उनकी यात्रा दर्दनाक अनुभव में बदल गई।

जानकारी के अनुसार, दानापुर निवासी स्वराज सुमन और उनकी पत्नी ऋचा कुमारी शादी के महज एक सप्ताह बाद जमशेदपुर के गोलमुरी में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आ रहे थे। दोनों बी5 (थर्ड एसी) कोच में सफर कर रहे थे। दंपत्ति का दावा है कि घटना मोकामा रेलवे स्टेशन के आसपास हुई। रात के सफर के बाद सुबह करीब 5 बजे जब उनकी नींद खुली, तो गहनों से भरा बैग गायब था।

बताया जा रहा है कि बैग में करीब 30 लाख रुपये के आभूषण थे। घटना के बाद बोगी में अफरा-तफरी मच गई। आरपीएफ ने तत्काल जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

टाटानगर पहुंचने के बाद पीड़ित दंपत्ति ने जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रेन में मौजूद यात्रियों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना ने रेल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, खासकर एसी कोच जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली बोगियों में भी चोरी की वारदात ने यात्रियों को चिंतित कर दिया है। टाटानगर जीआरपी ने मोकामा जीआरपी को भी सूचना दे दी है और वहां के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

नई शादी की खुशियों के बीच इस घटना ने दुल्हन और उसके परिवार को गहरा झटका दिया है, वहीं स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।

Share This Article