झारखंड के रौशन थापा और चित्रा शाह भारतीय टीम में चयनित, विश्व योगासन चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम

Johar News Times
2 Min Read

नेशनल ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अहमदाबाद में प्रशिक्षण के बाद विश्व स्तर पर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व बारियातू। झारखंड के खेल जगत के लिए सोमवार का दिन खुशियों भरा रहा। राज्य के दो होनहार योगासन खिलाड़ी रौशन थापा और चित्रा शाह ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए आगामी प्रथम विश्व योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान पक्का किया है।


दोनों खिलाड़ियों का चयन योगासन भारत द्वारा 1 व 2 मई 2026 को आयोजित नेशनल सिलेक्शन ट्रायल के प्रदर्शन के आधार पर किया गया। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच झारखंड के इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।


इस उपलब्धि पर झारखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य सलाहकार बिपिन पांडेय, सचिव चंदु कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


वहीं रांची जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों का विश्व स्तर पर चयन होना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश व राज्य का नाम रोशन करेंगे।जानकारी देते हुए कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 10 मई से 2 जून तक अहमदाबाद स्थित नारंगपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। प्रशिक्षण के उपरांत दोनों खिलाड़ी अहमदाबाद के ट्रांसस्टेडिया में आयोजित विश्व योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।


झारखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने दोनों खिलाड़ियों की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Share This Article