जमशेदपुर में एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण पर बवाल, धूल से परेशान ग्रामीणों ने इंजीनियरों और मशीनों को रस्सी से बांधा

जमशेदपुर में एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण पर बवाल, धूल से परेशान ग्रामीणों ने इंजीनियरों और मशीनों को रस्सी से बांधा

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर के मानगो स्थित एनएच-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बालीगुमा से पारडीह तक निर्माण के दौरान उड़ रही धूल से परेशान ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए ठेकेदार के इंजीनियरों और मशीनों को रस्सी से बांधकर काम ठप करा दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिना जल छिड़काव के निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे सड़क पर धूल का गुबार छाया रहता था। हालात ऐसे हो गए थे कि कुछ ही मिनटों में राहगीर और वाहन चालक धूल से लथपथ हो जाते थे। इसका असर स्थानीय दुकानदारों और ठेला-खोमचा चलाने वालों की रोजी-रोटी पर भी पड़ रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद National Highways Authority of India (NHAI) और ठेकेदार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य रुकवा दिया।

बताया जा रहा है कि इस विरोध का नेतृत्व स्थानीय नेता विकास सिंह ने किया। प्रदर्शन के दौरान शिव साहू, सुदामा भारती, भरत लाल, पप्पू सिंह और अंसार खान समेत कई लोग मौजूद रहे।

विरोध के बाद प्रशासन और ठेकेदार की नींद खुली और तत्काल टैंकर मंगवाकर जल छिड़काव शुरू कराया गया। इसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी बिना नियमों के निर्माण कार्य हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share This Article