पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ शनिवार को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया। पूरे दिन और रात चले इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न रेलवे स्टेशनों और प्रमुख ट्रेनों में जांच कर 606 बेटिकट एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे ने उनसे कुल 5,29,375 रुपये का जुर्माना वसूला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, धनबाद स्टेशन समेत मंडल से गुजरने वाली प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट जांच दल ने सभी श्रेणियों के डिब्बों की गहन जांच की। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने, गलत श्रेणी के टिकट पर सफर करने, बिना वैध यात्रा प्राधिकार यात्रा करने और निर्धारित सीमा से अधिक बिना बुकिंग सामान ले जाने वाले यात्रियों पर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
बिना वैध टिकट यात्रा पर होगी कड़ी कार्रवाई
धनबाद रेल मंडल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले वैध टिकट लेने और उसी श्रेणी में सफर करने की अपील की है, जिसके लिए टिकट जारी किया गया है। सामान्य टिकट लेकर स्लीपर या एसी कोच में यात्रा करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए वैध प्लेटफॉर्म टिकट रखने और अतिरिक्त सामान के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने की भी सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि औचक टिकट जांच अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि बेटिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
