सरायकेला: इंडोर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, डीडीसी रीना हांसदा ने दीप जलाकर किया उद्घाटन

"व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही स्वस्थ रहने का प्रभावी माध्यम: डीडीसी रीना हांसदा।"

Johar News Times
3 Min Read

जिला प्रशासन सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित इंडोर स्टेडियम के सभागार में एक भव्य और सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी और विधायक प्रतिनिधि श्री सानंद आचार्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

योग से आता है आत्मविश्वास और मानसिक शांति: डीडीसी

समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा ने सभी जिलावासियों को योग दिवस की बधाई दी और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की एक अमूल्य धरोहर है, जो हमारे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में अहम भूमिका निभाता है। आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का सबसे प्रभावी माध्यम है।”

डीडीसी ने आगे कहा कि योग हमारे कल्चर का अभिन्न हिस्सा है। इसके नियमित अभ्यास से हमारे भीतर एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक विचारों का प्रवाह होता है।

तनावमुक्त जीवन का जरिया है योग

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने का सबसे बेहतरीन साधन है।

इस विशेष अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, उत्पाद अधीक्षक विजय खितिज मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार और आयुष्मान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक और भारी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर हुआ अभ्यास

सभागार में मौजूद योग प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग करने से चिंता और अवसाद में कमी आती है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।

गौरतलब है कि इस वर्ष यह कार्यक्रम “Yoga for Healthy Ageing” की थीम पर आयोजित किया गया, जो जीवन के हर पड़ाव में शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने का संदेश देता है।

कार्यक्रम के समापन पर इंडोर स्टेडियम में मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों ने देशहित में खुद को स्वस्थ रखने के लिए रोज योगाभ्यास करने और संतुलित जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share This Article