NEET UG री-एग्जाम 2026 से ठीक पहले NTA की बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब को जारी एडमिट कार्ड में भारत के बजाय UAE के अबू धाबी स्थित एक इंडियन स्कूल को परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। यह मामला 21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा से पहले चर्चा का विषय बन गया है।
अब्दुल्ला ने नागपुर से आवेदन किया था और परीक्षा केंद्र के लिए तीन भारतीय जिलों का विकल्प चुना था। लेकिन जब उसने आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें अबू धाबी का परीक्षा केंद्र दर्ज था। समस्या इसलिए और गंभीर हो गई क्योंकि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है, जिससे विदेश जाकर परीक्षा देना पूरी तरह असंभव था। एडमिट कार्ड का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ।
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद परिवार हैरान रह गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी अबू धाबी का विकल्प नहीं चुना था। हेल्पलाइन पर संपर्क करने पर NTA ने ईमेल भेजने को कहा। शिकायत के बाद एजेंसी की ओर से फोन कर आश्वासन दिया गया कि शनिवार शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
पिता के अनुसार इस घटना से छात्र बुरी तरह परेशान हो गया था। वह रोने लगा और परीक्षा नहीं देने की बात कहने लगा। परिवार की मांग है कि परीक्षा केंद्र नागपुर में ही दिया जाए, क्योंकि परीक्षा से ठीक पहले किसी दूसरे जिले में जाना भी मुश्किल होगा। उन्होंने बताया कि छात्र की मां ने उसे समझाने की कोशिश की और यदि वह मानसिक रूप से तैयार हुआ तो परीक्षा में शामिल होगा।
मामला सामने आने के बाद NTA ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया है। एजेंसी ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि सही परीक्षा केंद्र के साथ संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। परिवार को इस संबंध में ईमेल के जरिए भी सूचना दी गई है। गौरतलब है कि NEET UG री-एग्जाम 21 जून को पेन-पेपर मोड में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। NTA ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड में व्यक्तिगत जानकारी, परीक्षा केंद्र या अन्य विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
