नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम पहुंचे मां उग्रतारा मंदिर, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, कहा— ‘सदन में गूंजेगी लातेहार की आवाज’

"जीत के बाद मां उग्रतारा के दरबार में नवनिर्वाचित सांसद वैद्यनाथ राम, लातेहार के विकास को राज्यसभा में देंगे नई रफ्तार।"

Johar News Times
2 Min Read

राज्यसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम शुक्रवार को पहली बार बालूमाथ पहुंचे। क्षेत्र में आगमन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया। अपने चहेते नेता को सांसद के रूप में सामने देख जेएमएम कार्यकर्ता पूरी तरह गदगद नजर आए।

मां उग्रतारा के दरबार में टेका माथा

भव्य स्वागत के बाद राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम सीधे प्रसिद्ध महा उग्रतारा नगर भगवती मंदिर पहुंचे। यहाँ उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना की और मां भगवती का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर में माथा टेककर पूरे लातेहार जिले और झारखंड राज्य की सुख, समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।

लातेहार के लिए गर्व की बात, सदन में उठाऊंगा जनहित के मुद्दे

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद वैद्यनाथ राम ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा:

“राज्यसभा तक पहुंचना पूरे लातेहार जिले के लिए गौरव का क्षण है। पार्टी ने लातेहार के एक जमीनी प्रतिनिधि को उच्च सदन में भेजकर इस पूरे क्षेत्र को बड़ा सम्मान दिया है। मैं इस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरूंगा।”

उन्होंने आगे कहा कि वे क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी और ज्वलंत समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्थानीय जनहित के मुद्दों को योजनाबद्ध तरीके से राज्यसभा में पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा ताकि लातेहार और पूरे राज्य का सर्वांगीण विकास हो सके।

मौके पर मौजूद रहे सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता

इस ऐतिहासिक मौके पर झामुमो उपाध्यक्ष सितमोहन मुंडा, उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रंजीत उरांव, प्रभात कुमार, मनोज चौधरी, अंकित तिवारी, अंकित पांडेय, राजकुमार साहू, रोहित अग्रवाल, सौरभ श्रीवास्तव, सुशील अग्रवाल, सुशील यादव, पवन, आलोक, मो. सरफराज, मो. नौशाद समेत भारी संख्या में जेएमएम कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share This Article