राज्यसभा चुनाव के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने दी बधाई, बोले- झारखंड की आवाज़ को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व

राज्यसभा चुनाव के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने दी बधाई, बोले- झारखंड की आवाज़ को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व

Johar News Times
3 Min Read

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित हुए दोनों सदस्यों बैद्यनाथ राम और परिमल नथवानी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं एवं जोहार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधि अब उच्च सदन में झारखंड की आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे और राज्य के हितों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज्यसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि झारखंड की जनता और राज्य के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर रखने के लिए दोनों प्रतिनिधियों का निर्वाचित होना महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता बैद्यनाथ राम के राज्यसभा पहुंचने को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र की भावना को सशक्त करते हुए अनुसूचित जाति समाज से आने वाले बैद्यनाथ राम का निर्वाचित होना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह पहला ऐतिहासिक अवसर होगा जब झारखंड की धरती से दलित समाज का कोई जनप्रतिनिधि राज्यसभा में पहुंचकर झारखंड के मुद्दों और वंचित-शोषित समाज की आवाज़ को उच्च सदन में रखेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम राज्य के हक, अधिकार, स्वाभिमान तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ संसद में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका अनुभव और सामाजिक सरोकार झारखंड की जनता की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जताया आभार

राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और राज्यसभा के लिए चुने जाने पर शुभकामनाएं प्राप्त कीं। मुलाकात के दौरान झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें सफल संसदीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए राज्य के हितों को प्रभावी ढंग से उच्च सदन में उठाने की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन “जय भीम, जय झारखंड और जोहार” के साथ करते हुए नवनिर्वाचित दोनों राज्यसभा सदस्यों के सफल कार्यकाल की कामना की।

Share This Article