भूमि विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, गर्दन पर वार कर किया गंभीर रूप से घायल

भूमि विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, गर्दन पर वार कर किया गंभीर रूप से घायल

Johar News Times
2 Min Read

पलाशबनी गांव में रैयती जमीन को लेकर हुआ विवाद, एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज,

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के पलाशबनी गांव में भूमि विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला रायमुनी मार्डी (40) को उपचार के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता ने मानगो थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार मंगलवार सुबह रायमुनी मार्डी को सूचना मिली कि कुछ लोग उनकी रैयती जमीन पर जबरन हल चला रहे हैं। सूचना मिलने पर वह अपने देवर कुशल मार्डी के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां पहले से हाड़ीराम मार्डी उर्फ चैतन मार्डी, कमल मार्डी, चुनुर मार्डी उर्फ दिकु मार्डी, संगीता मार्डी तथा सोना मार्डी मौजूद थे।

पीड़िता का आरोप है कि जमीन को लेकर विरोध जताने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि संगीता मार्डी ने लोहे के कृषि उपकरण (हरवे) से उनकी गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, सोना मार्डी द्वारा कुल्हाड़ी से हमला करने का भी प्रयास किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके देवर कुशल मार्डी के साथ भी मारपीट की गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि की है और उनका उपचार जारी है।

पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। भूमि विवाद के कारण हुई इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Share This Article