87 लाख रुपये से होगा रिनोवेशन, न्यूनतम शुल्क पर आम लोगों को मिलेगी बुकिंग की सुविधा,
रांची के होटवार जेल परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल अब आम लोगों के लिए शादी, जन्मदिन, सालगिरह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए उपलब्ध होगा। जेल आईजी के निर्देश पर हॉल को किराये पर देने की योजना शुरू की गई है। इसके लिए लगभग 87 लाख रुपये की लागत से हॉल का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रिनोवेशन के तहत हॉल में आकर्षक टाइल्स, ब्रांडेड झूमर और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बुकिंग के लिए लोगों को जेल प्रबंधन से संपर्क कर निर्धारित न्यूनतम शुल्क जमा करना होगा। करीब 3 हजार वर्गफुट क्षेत्र में बने इस हॉल में बड़ा स्टेज है और एक साथ लगभग 4 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। महिला और पुरुषों के लिए अलग शौचालय, पेयजल सुविधा तथा सामने खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल तक अलग प्रवेश और निकासी मार्ग बनाया जाएगा। मुख्य सड़क से कम्युनिटी हॉल तक बाउंड्री कराई जाएगी, जबकि जेल की ओर जाने वाले सभी मार्ग बंद रहेंगे। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
जेल अधीक्षक के. चंद्रशेखर ने बताया कि हॉल का उपयोग साल में एक-दो बार ही बड़े कार्यक्रमों के लिए होता है, जबकि इसके रखरखाव पर लगातार खर्च होता है। ऐसे में इसे आम लोगों के लिए उपलब्ध कराने से सरकार को राजस्व मिलेगा और लोगों को कम लागत में बेहतर आयोजन स्थल की सुविधा भी मिल सकेगी।
