देवघर में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां तेज, एसएसपी ने कांवड़िया पथ का किया निरीक्षण

देवघर में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां तेज, एसएसपी ने कांवड़िया पथ का किया निरीक्षण

Johar News Times
2 Min Read

हिंडोला ब्रिज से लेकर एसए बस पड़ाव तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश,

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर देवघर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में देवघर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार को कांवड़िया पथ एवं मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। आगामी श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पहले से ही तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) देवघर, डीएसपी सीसीआर, डीएसपी ट्रैफिक, संबंधित थाना प्रभारी तथा सार्जेंट मेजर भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने हिंडोला रेलवे ब्रिज, घोरमारा, हथगढ़, कोरिया तथा एसए बस पड़ाव सहित कांवड़िया रूट के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपातकालीन निकासी मार्ग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, यातायात नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया।

गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले श्रावणी मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Share This Article