चाईबासा: NEET-UG 2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने शनिवार को जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने जिला स्कूल चाईबासा और मांगीलाल रूंगटा उच्च विद्यालय का दौरा कर परीक्षा संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पंखे, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरी की जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिले में NEET-UG 2026 परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की है।
