बड़ाजामदा में फरार आरोपी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कुर्की के बाद बुलडोजर से ढहाया घर

बड़ाजामदा में फरार आरोपी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कुर्की के बाद बुलडोजर से ढहाया घर

Johar News Times
2 Min Read

न्यायालय के आदेश पर ओडिशा पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, गंभीर मामलों में वांछित आरोपी लंबे समय से था फरार,

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा स्थित ओडिशा सीमा से सटे नाल्दा हीराकुद कॉलोनी के वार्ड संख्या-1 में बुधवार को प्रशासन ने एक फरार आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका मकान ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी एमडी रोहित, जो मोहम्मद नसीम का पुत्र है, कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

न्यायालय के निर्देश पर ओडिशा पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पहले आरोपी के घर की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद बुलडोजर चलाकर मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा रही। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और फरार आरोपियों को आत्मसमर्पण करने का संदेश जाएगा।

Share This Article