आगामी संगठनात्मक और निर्वाचन संबंधी कार्यों को लेकर शनिवार को बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के कुशवाहाटोला स्थित आरबी प्लेस में झारखंड मुक्ति मोर्चा की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में झामुमो नगर कमेटी और प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से नगर अध्यक्ष धर्मवीर कुमार महतो और प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर ने की।
इस सांगठनिक बैठक में मुख्य रूप से झामुमो के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह, जिला सचिव सुरेश टुडू, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू और केंद्रीय समिति के सदस्य बबलू मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बूथ स्तर पर ‘SIR मैपिंग’ का प्रतिशत बढ़ाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर सक्रिय होने का निर्देश देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और चुनावी प्रक्रियाओं की सफलता सीधे तौर पर बूथ स्तर की सक्रियता पर निर्भर करती है।
जिला अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने संबंधित बूथों पर बीएलए-2 के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान में SIR मैपिंग के प्रतिशत को तेजी से बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर प्रभावी और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
12 जून को विनोद पांडेय का साहिबगंज आगमन, तैयारी तेज
बैठक का दूसरा मुख्य एजेंडा आगामी 12 जून को साहिबगंज टाउन हॉल में होने वाला पार्टी का बड़ा कार्यक्रम रहा। इस दिन झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता विनोद पांडेय का साहिबगंज में प्रस्तावित आगमन होने जा रहा है।
इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए जिला अध्यक्ष ने पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों, बूथ कमेटी के सदस्यों और बीएलए-2 को अनिवार्य रूप से कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आह्वान किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से शक्तिनाथ अमन, अब्दुल कादिर, प्रदीप टोप्पो, नुरुल इस्लाम, मो. इकबाल हुसैन, दिनेश सेन, शिवकुमार कुशवाहा, शुभाषिस कुमार, प्रदीप साहा, सुशील सेन, जुल्लुर रहमान, उत्तम रजक सहित भारी संख्या में झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
