रांची: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में गुरुवार को डॉक्टरों की समय पर अनुपस्थिति के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए अस्पताल पहुंचे और पंजीयन काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, कई मरीज सुबह आठ बजे से ही पर्ची बनवाने के लिए लाइन में खड़े रहे। पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मरीज संबंधित विभागों के ओपीडी कक्षों में पहुंचे तो कई जगह वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद नहीं मिले, जिससे उन्हें इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल के मेडिसिन और स्त्री रोग विभाग की ओपीडी में जूनियर डॉक्टर मरीजों को देख रहे थे, लेकिन अधिकांश विभागों में वरिष्ठ चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर मरीजों और उनके परिजनों ने नाराजगी जताई। मरीजों का कहना था कि समय पर डॉक्टरों के नहीं पहुंचने से इलाज में देरी हो रही है और घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। रिम्स में प्रतिदिन राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ओपीडी सेवाओं में देरी और चिकित्सकों की अनुपस्थिति से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।
