धनबाद : देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणाम में धनबाद के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के करीब 40 छात्रों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है।
इस वर्ष धनबाद के छात्रों में तनमय तनय ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय रैंक (AIR) 708 प्राप्त की। दून पब्लिक स्कूल के छात्र तनमय की इस उपलब्धि ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
अन्य सफल विद्यार्थियों में परी रानी को AIR 4747, अभिनव कुमार को AIR 5751, युवराज प्रीत को AIR 7421, शुभम कुमार लाल को AIR 8752 और शौर्य कश्यप को AIR 11996 प्राप्त हुई है।
जेईई एडवांस्ड के नतीजों ने एक बार फिर साबित किया है कि धनबाद के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। सफल अभ्यर्थियों ने अपनी उत्कृष्ट रैंक के दम पर देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) में प्रवेश की दावेदारी मजबूत कर ली है।
परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। अब सफल उम्मीदवार संयुक्त सीट आवंटन प्रक्रिया (JoSAA) के माध्यम से विभिन्न आईआईटी में दाखिले की प्रक्रिया में शामिल होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में धनबाद की यह उपलब्धि जिले के लिए एक और गौरवपूर्ण अध्याय मानी जा रही है, जिसने एक बार फिर राज्य के शैक्षणिक मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।
