लौहनगरी के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अपराधियों ने महज पांच घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग जगहों पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भारी खौफ का माहौल है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है, लेकिन बेखौफ अपराधियों के इस तांडव से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
5 घंटे में दो वारदातों से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पहली वारदात को रात करीब 8:00 बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे अंजाम दिया। इसके बाद, देर रात करीब 12:56 बजे अपराधियों ने राज नामक व्यक्ति के घर के सामने धावा बोल दिया। यहां बदमाशों ने बैक-टू-बैक तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली राज की खड़ी थार गाड़ी की बॉडी को भेदते हुए पार हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे जेल में बंद कुख्यात अपराधी बिल्ला पाठक का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। घटना को जमीन पर अंजाम देने का आरोप अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर लग रहा है।
पीड़ित राज ने पुलिस को बताया कि फायरिंग से कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर एक धमकी भरा फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को ‘कुंडी’ बताते हुए सीधे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
“पैसे नहीं दिए तो कन्हैया यादव के पास ऊपर पहुंचा देंगे” रंगदारी देने से इनकार करने पर कॉलर ने राज को जान से मारने की सीधी धमकी दी। अपराधी ने फोन पर कहा कि अगर 20 लाख रुपये नहीं मिले, तो उसका हश्र भी कन्हैया यादव जैसा किया जाएगा। बता दें कि कुछ महीने पहले ही गोलमुरी डीएसपी कार्यालय के महज कुछ ही दूरी पर कन्हैया यादव की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें कुंडी मुख्य आरोपी है और वह तब से फरार चल रहा है।
लगातार हुई गोलीबारी के बाद गोलमुरी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस की कई टीमें घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही हैं ताकि अपराधियों के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान लगभग कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
