बागजाता माइंस के 65 मजदूरों ने दी आंदोलन की चेतावनी, 1 जून से काम ठप करने का ऐलान

बागजाता माइंस के 65 मजदूरों ने दी आंदोलन की चेतावनी, 1 जून से काम ठप करने का ऐलान

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के गोहला पंचायत अंतर्गत बाकड़ा-फूलझरी शंख नदी पुलिया के समीप शनिवार को बागजाता माइंस के मिसलेनियस मैन पावर मजदूरों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रंजीत मार्डी ने की, जिसमें रोजगार से हटाए गए मजदूरों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।

बैठक में मजदूरों ने बताया कि बागजाता माइंस में मिसलेनियस मैन पावर का कार्य देख रही ठेका कंपनी ए के इंटरप्राइजेज का कार्यकाल 6 मार्च 2026 को समाप्त हो गया था। इसके बाद से करीब 65 मजदूरों को काम से बैठा दिया गया है। मजदूरों का आरोप है कि पिछले लगभग तीन महीनों से वे बेरोजगार हैं और लगातार यूसील प्रबंधन के आश्वासन पर टिके हुए हैं, लेकिन अब तक रोजगार बहाल करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मजदूरों ने कहा कि लंबे समय से काम बंद रहने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और कई घरों में भूख जैसी स्थिति पैदा हो गई है। बैठक में मौजूद मजदूरों ने कहा कि अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि आगामी 30 मई तक सभी 65 मजदूरों को दोबारा काम पर नहीं रखा गया, तो 1 जून से बागजाता माइंस में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। मजदूरों ने चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान माइंस के सभी कार्यों को ठप कर दिया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से बुद्धेश्वर मुर्मू, गणेश मुर्मू, श्याम चरण मुर्मू, कृष्ण पातर, श्याम हेंब्रम, नरसिंह हांसदा, धरमा हांसदा, जीतेन भक्त, दिनेश पातर, हिमांशु पातर, सिकंदर टुडू, कालीपद भक्त, अजय टुडू और निवास कैबर्त समेत कई मजदूर उपस्थित थे।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article