जामताड़ा, पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटाँड़ एवं नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुल पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पु०नि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मट्टाँड़ स्थित विष्णु मंडल के घर में छापेमारी की गई। इस दौरान साइबर अपराध करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में सियाटाँड़ एवं झिलुवा जंगल क्षेत्र से एक अन्य साइबर अपराधी को पकड़ा गया।
इसके बाद दूसरी गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोकनियाँ स्थित किशोर दास के घर पर छापेमारी की गई, जहां से दो और साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 29/26 एवं 30/26 के तहत बीएनएस 2023, आईटी एक्ट तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के मट्टाँड़ निवासी 19 वर्षीय विष्णु मंडल एवं 19 वर्षीय सचिन मंडल, नारायणपुर थाना क्षेत्र के बॉसपहाड़ी निवासी 27 वर्षीय सागर नायक, लोकनियाँ निवासी 23 वर्षीय किशोर दास तथा पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी 25 वर्षीय विश्वजीत दास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार विश्वजीत दास वर्तमान में नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियाँ गांव में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर उनकी गोपनीय जानकारी प्राप्त करते थे। इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी साइबर ठगी को अंजाम देते थे। आरोपी फोनपे एवं गूगल पे जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सागर नायक पूर्व में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 26/25 तथा किशोर दास कांड संख्या 47/20 में भी आरोप पत्रित रह चुका है। पुलिस के अनुसार इन अपराधियों का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
