देशहित में पीएम मोदी की 7 अपीलों का समर्थन, पद्मश्री छुटनी महतो बोलीं- “मोदी हैं तो मुमकिन है”

देशहित में पीएम मोदी की 7 अपीलों का समर्थन, पद्मश्री छुटनी महतो बोलीं- “मोदी हैं तो मुमकिन है

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला : डायन प्रथा के खिलाफ वर्षों से संघर्ष कर समाज में जागरूकता फैलाने वाली पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता छुटनी महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई सात प्रमुख अपीलों का समर्थन किया है। उन्होंने इसे देशहित में उठाया गया अहम कदम बताते हुए कहा कि यह पहल भारत को आर्थिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और स्वस्थ बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास है। छुटनी महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलें केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि आम लोगों के जीवन में सुधार लाने और देशहित को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा, “मोदी हैं तो मुमकिन है। प्रधानमंत्री जो संदेश दे रहे हैं, उसे हर नागरिक को गंभीरता से अपनाने की जरूरत है।”

उन्होंने विशेष रूप से खाद्य तेल के सीमित उपयोग की अपील को महिलाओं और परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि तेल का कम इस्तेमाल लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ घरेलू खर्च को भी नियंत्रित करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों को अपने खानपान और स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील पर छुटनी महतो ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर नागरिक अपनी भूमिका निभाएगा।

वर्क फ्रॉम होम और घरेलू स्तर पर कामकाज को बढ़ावा देने के मुद्दे पर उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले कई कामों के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश कार्य घर से ही पूरे हो जाते हैं। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होती है।अंत में छुटनी महतो ने लोगों से प्रधानमंत्री की सातों अपीलों को सकारात्मक सोच के साथ अपनाने और देश को आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Share This Article