पूर्व मंत्री यदुनाथ बास्के की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

पूर्व मंत्री यदुनाथ बास्के की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Johar News Times
2 Min Read

घाटशिला। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) मुसाबनी प्रखंड कमेटी की ओर से पूर्व मंत्री यदुनाथ बास्के की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड कार्यालय में किया गया, जहां उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने यदुनाथ बास्के के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बास्के 1969 से 1972 तक तत्कालीन बिहार विधानसभा के सदस्य रहे और झारखंड पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। बाद में उन्होंने राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

विधायक ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण के आंदोलन में यदुनाथ बास्के की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्ष 1993 में झारखंड राज्य गठन की मांग को लेकर आंदोलन के दौरान उन्हें साकची जेल में दो माह से अधिक समय तक बंद रहना पड़ा था। वर्ष 1995 में गठित झारखंड ऑटोनॉमस काउंसिल के प्रोटेम स्पीकर के रूप में उनकी नियुक्ति तत्कालीन राज्यपाल द्वारा की गई थी। उन्होंने काउंसिल के प्रथम अध्यक्ष गुरुजी शिबू सोरेन को शपथ भी दिलाई थी।

सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि यदुनाथ बास्के अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और मिलनसार व्यवहार के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। वे एक स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ-साथ झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल रहे और सर्वमान्य जननेता के रूप में पहचान बनाई।

उन्होंने बताया कि उनके योगदान को सम्मान देने के लिए झारखंड सरकार की ओर से मुसाबनी में यदुनाथ बास्के इको पार्क का निर्माण कराया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और योगदान की याद दिलाएगा। कार्यक्रम में झामुमो के कई नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे और दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share This Article