जमशेदपुर, मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती स्थित एक किराना दुकान में चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोर दुकान से करीब 25 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती स्थित सुनील स्टोर को निशाना बनाते हुए चोर ने दुकान में रखी नकदी और एक ओप्पो मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दुकान मालिक ने मानगो थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। इधर, क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
