सरायकेला, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर आरोपों का सामना कर रहे सरायकेला नगर पंचायत के निलंबित कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। चाईबासा महिला थाना की टीम मंगलवार को गिरफ्तारी वारंट लेकर सरायकेला पहुंची और कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका।
महिला थाना प्रभारी शीला मिंज ने बताया कि न्यायालय से समीर बोदरा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है, लेकिन आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और वह लगातार ठिकाने बदल रहा है, जिससे गिरफ्तारी में कठिनाई हो रही है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून से कोई भी लंबे समय तक नहीं बच सकता और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि समीर बोदरा स्वेच्छा से न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हैं। एक सरकारी अधिकारी पर लगे गंभीर आरोप और गिरफ्तारी से बचने की कोशिशें चर्चा का विषय बनी हुई हैं। फिलहाल पुलिस की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है।
