जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने कुचाई प्रखंड में राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजा राम पाड़ेया ने किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जोहार खुद सहायता महिला विकास समिति और सागोने सकाम महिला समिति, रेंगाडीह के डीलरों द्वारा कई राशन कार्डधारियों को नियमित रूप से राशन नहीं दिया जा रहा है। साथ ही कुछ लाभुकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की भी शिकायत की गई है।
युवा कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डीलरों के खिलाफ कार्रवाई तथा सभी लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष राजा राम पाड़ेया ने कहा कि जन वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान शंकर दिग्गी, सुकलाल होनहागा, बरजु लोहार, सुखलाल मुंडा और गुरुचरण दास समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी और खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी को भी भेजी गई है।
